औरैया: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए देर रात 40 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस सूची में 15 जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) भी बदले गए हैं। शासन ने मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के पद पर तैनात रहे आईएएस बृजेश कुमार को औरैया जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। वहीं, औरैया के निवर्तमान डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी का स्थानांतरण करते हुए उन्हें मैनपुरी जिले की कमान सौंपी गई है।


शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, नए जिलाधिकारी बृजेश कुमार जल्द ही औरैया पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। वह इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव के रूप में शासन स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे थे। प्रशासनिक महकमे का मानना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय में काम करने के उनके अनुभव से औरैया जिले के विकास कार्यों को गति मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था में और अधिक कसावट आएगी।
वहीं, निवर्तमान डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी अब मैनपुरी जिले के जिलाधिकारी का प्रभार संभालेंगे। डॉ. त्रिपाठी औरैया में अपने कार्यकाल के दौरान सादगी और जमीनी स्तर पर जनसुनवाई के लिए काफी चर्चित रहे हैं। मैनपुरी में वह निवर्तमान डीएम अंजनी कुमार सिंह का स्थान लेंगे, जिन्हें शासन ने अब लखीमपुर खीरी का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है।
प्रदेश स्तर पर हुए अन्य प्रमुख तबादले देर रात जारी हुई इस तबादला सूची में प्रदेश के कई बड़े प्रशासनिक चेहरों को भी इधर से उधर किया गया है। लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल को पदोन्नत करते हुए देवीपाटन मंडल का नया कमिश्नर बनाया गया है।


इसके अलावा सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा का डीएम, हमीरपुर के डीएम घनश्याम मीणा को उन्नाव का डीएम, उन्नाव के डीएम गौरांग राठी को झांसी का डीएम और सुल्तानपुर के डीएम कुमार हर्ष को बुलंदशहर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। आगरा के डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, औरैया जिला मुख्यालय पर नए जिलाधिकारी के आगमन और कार्यभार ग्रहण करने को लेकर औपचारिकताएं शुरू कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि एक-दो दिन के भीतर नए डीएम अपना पदभार ग्रहण कर लेंगे।
औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

