औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर जनपद में मिलावटी एवं अपमिश्रित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निझाई मोहाल, औरैया स्थित घी के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान पर 510 किलोग्राम घी भंडारित पाया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा भंडारित घी से संबंधित क्रय बिल एवं स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किए गए। घी की गुणवत्ता एवं मिलावट की संभावना को देखते हुए टीम ने घी का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की।

जांच के दौरान शेष 508 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 35 हजार 280 रुपये है, को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में दिया गया। प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार नोटिस भी जारी किया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार नमूने की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसमें सामने आने वाले परिणामों के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास एवं अनिल कुमार संखवार शामिल रहे।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुनील कुमार ने जनपद के सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से अपील की कि प्रतिष्ठान में भंडारित खाद्य पदार्थों से संबंधित क्रय-विक्रय बिल एवं स्टॉक रजिस्टर, कार्यरत कार्मिकों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र तथा खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण को प्रतिष्ठान में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित रखें। खाद्य पदार्थों की खरीद केवल वैध निर्माताओं एवं अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि कहीं मिलावटी अथवा अपमिश्रित खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, कलेक्ट्रेट ककोर मुख्यालय, औरैया में लिखित सूचना दें, ताकि मिलावटखोरी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

