औरैया। ‘मेरा युवा भारत’ संगठन के तत्वावधान में शहीद पार्क में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने पार्क परिसर में साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
‘मेरा युवा भारत औरैया’ के संयुक्त निदेशक अनवर वारसी के निर्देश पर माय भारत के स्वयंसेवकों ने जिले के विभिन्न टोलों और मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने की अपील की गई।

गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की अपील
स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों को घर, आंगन, गली-मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा उसका उचित निस्तारण करने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा खुले में कचरा नहीं फेंकने, स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।
स्वच्छ वातावरण के लिए नागरिक भागीदारी जरूरी
कार्यक्रम में नगर पालिका कर्मचारियों ने भी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने कहा कि शहर और जिले को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के साथ ही आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
स्वच्छता अभियान में आदर्श कुमार, स्वयंसेवक ध्रुव वर्मा, कौशिकी दीक्षित, छाया, बालाजी, विपिन कुमार, अंकित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया।

औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

