औरैया : जनगणना 2027 के सफल व त्रुटिरहित संचालन के लिए 16 से 18 अप्रैल तक जनपद के सभी प्रखंडों व नगर निकायों में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है। गुरुवार को सुदिती ग्लोबल एकेडमी में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण करते हुए प्रगणकों व सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश दिए कि वे इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और सभी तकनीकी पहलुओं को अच्छे से समझें।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जनगणना को देश के विकास की आधारभूत प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े ही सरकारी योजनाओं की दिशा तय करते हैं। डीएम ने आमजन से अपील की है कि जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आएं, तो उन्हें सही और पूर्ण जानकारी दें, जिससे जिले का सटीक डेटा तैयार हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना से संबंधित सभी जानकारियां पूरी तरह से गोपनीय रहती हैं और इन्हें किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक नहीं किया जाता है। जिला प्रशासन द्वारा जनगणना को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

प्रशिक्षण के पहले दिन विभिन्न केंद्रों पर उपस्थिति का भी आंकड़ा जुटाया गया। सुदिती ग्लोबल एकेडमी में औरैया तहसील के 245 में 11, नगर पालिका के 83 में 2 तथा दिबियापुर के 72 में 8 प्रशिक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। बिधूना स्थित प्रशिक्षण केंद्रों में उपस्थिति बेहतर रही, जहां रैपिड ग्लोबल एकेडमी में 392 में से 2 और आरपीजी कॉलेज में 45 में से 1 प्रशिक्षार्थी अनुपस्थित रहा, जबकि अछल्दा केंद्र पर सभी उपस्थित रहे।
वहीं, अजीतमल के डायट (DIET) केंद्र पर 245 में 3 प्रशिक्षार्थी गैरहाजिर रहे, जबकि बाबरपुर व अटसू में सभी की उपस्थिति दर्ज की गई। उद्घाटन अवसर पर एडीएम अविनाश चंद्र मौर्य, एसडीएम अजय आनंद वर्मा, तहसीलदार प्रकाश चौधरी और बीएसए संजीव कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

