औरैया: जिले की अछल्दा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मिले शव का 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी, छोटे बेटे और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मृतक को शराब की लत थी और वह अपनी पैतृक संपत्ति बेचकर पैसे बर्बाद कर रहा था, जिसके विरोध में परिजनों ने ही उसे मौत के घाट उतार दिया और मामले को सड़क हादसा दिखाने के लिए शव एक्सप्रेसवे पर फेंक दिया था।


शराब पीने और संपत्ति बेचने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 2/3 मई 2026 की रात को अछल्दा पुलिस को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 275 पर एक अज्ञात शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। शिनाख्त में मृतक की पहचान 48 वर्षीय रणवीर सिंह यादव (निवासी मढा पीतम, थाना अछल्दा) के रूप में हुई। मामले में मृतक के बड़े बेटे सतेन्द्र उर्फ अंकित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मृतक रणवीर शराब का आदी था और पैतृक संपत्ति बेच रहा था। घटना वाली रात रणवीर ने अपनी पत्नी विनीता के साथ मारपीट की थी।
रिश्तेदार के साथ मिलकर कुल्हाड़ी और सब्बल से किया वार
मारपीट की सूचना पत्नी विनीता ने अपने छोटे बेटे हर्ष उर्फ हर्षित को दी। उस समय हर्षित बेला थाना क्षेत्र के लच्छीरामपुरवा गांव में अपनी बहन के घर पर था। सूचना मिलने पर वह अपनी बहन के जेठ गुरजीत के साथ रात में ही घर पहुंच गया। इसके बाद तीनों (विनीता, हर्षित और गुरजीत) ने मिलकर रणवीर सिंह की कुल्हाड़ी और लोहे के सब्बल से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद अपराध छिपाने के लिए तीनों ने शव को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ले जाकर डाल दिया, ताकि किसी वाहन से कुचलकर यह मामला एक एक्सीडेंट लगे।



तुर्कपुर अंडरपास के पास से हुई तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी
सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने 5 मई को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के तुर्कपुर अंडरपास के पास से शाम करीब 6:05 बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का 21 वर्षीय बेटा हर्ष उर्फ हर्षित, 45 वर्षीय पत्नी विनीता और 32 वर्षीय रिश्तेदार गुरजीत शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी, एक लोहे का सब्बल, दो खून से सनी टी-शर्ट और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1)/3(5)/238 के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। इस खुलासे में अछल्दा थानाध्यक्ष सुरेश चन्द्र, स्वाट प्रभारी कुलदीप कुमार और सर्विलांस प्रभारी समित चौधरी की अहम भूमिका रही।
थाना अछल्दा व स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा हत्या के अभियोग के वांछित 03 नफर हत्याभियुक्तगण को आलाकत्ल सहित गिरफ्तार करने के सम्बन्ध में #asp_auraiya द्वारा दी गयी बाईट-@Uppolice @adgzonekanpur @igrangekanpur https://t.co/mPglZNh5Z2 pic.twitter.com/qVReQkivCp
— Auraiya Police (@auraiyapolice) May 5, 2026


औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

