औरैया (बिधूना): तहसील क्षेत्र के ग्राम भिखरा में पैतृक जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। जमीन पर निर्माण कार्य रोके जाने से परेशान 85 वर्षीय बुजुर्ग ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।


कोतवाली में दी गई तहरीर में ग्राम भिखरा निवासी 85 वर्षीय मान सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पैतृक जमीन का आधा हिस्सा दो अन्य लोगों को बेच दिया था। जमीन खरीदने वाले लोगों द्वारा वहां अपना निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा था। मान सिंह के मुताबिक, राजस्व विभाग की टीम द्वारा जमीन की विधिवत पैमाइश करने के बाद ही मौके पर काम शुरू किया गया था।

आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होते ही गांव के ही विपक्षी राजेंद्र सिंह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंच गए और काम रुकवा दिया। बुजुर्ग का आरोप है कि विपक्षियों ने महिलाओं को आगे कर मौके पर जमकर हंगामा किया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो विपक्षियों ने उन्हें किसी फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
विपक्षी पक्ष के इस रवैये से परेशान होकर पीड़ित मान सिंह ने बिधूना कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा है। उन्होंने पुलिस से मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी बेची गई जमीन पर शांतिपूर्ण ढंग से निर्माण कार्य संपन्न कराने की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

