अजीतमल औरैया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुरेंद्र कुमार ने अजीतमल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, पैथोलॉजी, एक्स-रे, जच्चा-बच्चा वार्ड और डेंगू वार्ड समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


सीएचसी में प्रतिदिन करीब 475 मरीजों की ओपीडी, लगभग 100 मरीजों की रक्त जांच तथा करीब 60 एक्स-रे जांच होने की जानकारी सीएमओ को दी गई। उन्होंने जुलाई, अगस्त और सितंबर माह में हुई विभिन्न जांचों की संख्या तथा उनके परिणाम की भी जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों से जांच रिपोर्ट का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलना चाहिए।

अस्पताल परिसर में गुटखा खाकर थूकने वालों पर भी सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर को गंदा करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाए जाने की कार्रवाई की जाए, जिससे अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनी रहे।

बुखार से संबंधित मरीजों के लिए अलग हेल्प डेस्क और अलग ओपीडी की व्यवस्था करने के निर्देश भी सीएमओ ने दिए। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण को लेकर गठित टीम की तैयारियों की भी जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखने को कहा।
सीएमओ ने एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन की प्रगति की भी समीक्षा की। सीएचसी अजीतमल में 13 से 14 वर्ष की किशोरियों का करीब 98 प्रतिशत टीकाकरण होने की जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान जच्चा-बच्चा वार्ड और डेंगू वार्ड का भी जायजा लिया गया। सीएमओ को निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही नहीं मिली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को समय से जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

