औरैया: जनपद में बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते एक बार फिर शहरवासियों की जान पर बन आई। शहर के व्यस्ततम दिबियापुर रोड पर जमालसहा गेट के ठीक सामने उस वक्त अचानक भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट (11kV) की हाईटेंशन लाइन में अचानक भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों और खतरनाक चिंगारियों के बीच यह मौत का तार टूटकर सीधे सड़क पर आ गिरा। ईश्वर की बड़ी कृपा रही कि इस खौफनाक हादसे के वक्त तार की चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया, अन्यथा शहर में एक बहुत बड़ी और दर्दनाक जनहानि हो सकती थी।


दहशत में आए लोग, बाल-बाल बचा प्रेस करने वाला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय दिबियापुर रोड पर सामान्य रूप से आवाजाही चल रही थी। तभी अचानक ऊपर से गुजर रही लाइन से आग की लपटें और तेज चिंगारियां निकलने लगीं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, कुछ ही सेकंड के भीतर लाइन का एक बड़ा हिस्सा टूटकर जोरदार आवाज के साथ नीचे गिर पड़ा।

घटनास्थल के बिल्कुल समीप ही सड़क किनारे एक स्थानीय व्यक्ति कपड़ों पर प्रेस (इस्त्री) करने का काम कर रहा था। इस खौफनाक मंजर को देखकर वह बुरी तरह सहम गया। प्रत्यक्षदर्शी प्रेस वाले ने बताया कि धहकता हुआ तार उससे बस कुछ ही दूरी पर आकर गिरा है और वह मौत के मुंह से बाल-बाल बचकर निकला है। फिलहाल, लाइन में अचानक आग लगने का कोई स्पष्ट और तकनीकी कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है।


जर्जर तारों पर विभाग मौन, लोगों में पनप रहा आक्रोश
सरेआम सड़क पर हुई इस गंभीर और जानलेवा घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और बिजली विभाग की कार्यशैली एक बार फिर कटघरे में आ गई है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने साफ तौर पर कहा है कि इस हादसे की सबसे बड़ी वजह विभाग की लापरवाही और जर्जर हो चुकी पुरानी लाइनें हैं।
लोगों का आरोप है कि इलाके में बिजली के तार अपनी मियाद पूरी कर चुके हैं, लेकिन विभाग द्वारा कभी समय रहते इनका मेंटेनेंस (रखरखाव) नहीं किया जाता है। गनीमत रही कि इस बार कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन यदि बिजली विभाग कुंभकर्णी नींद से नहीं जागा और इन जर्जर लाइनों को जल्द नहीं बदला गया, तो भविष्य में किसी बड़े और दर्दनाक हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
‘Auraiya Times’ बिजली विभाग की इस चरम लापरवाही पर कड़ा एतराज जताता है। 11 हजार वोल्ट की लाइन का बीच सड़क पर टूटना कोई छोटी घटना नहीं है, यह सीधे तौर पर जनता की जान से खिलवाड़ है। औरैया जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के आला अधिकारियों को इस घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए शहर के सभी जर्जर तारों को बदलने का सघन अभियान चलाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई बेगुनाह नागरिक इन तारों की बलि न चढ़े।
औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

