औरैया: बिधूना निवासी, भारतीय सेना (Indian Army) में कार्यरत जवान की लद्दाख में -48 डिग्री सेल्सियस पर ड्यूटी करने के दौरान मृत्यु हो गई। आज दिन रविवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा। पारिवारिक सूत्रों से उपलब्ध जानकारी के अनुसार बिधूना कस्बा के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी बृजपाल सिंह भदौरिया के पुत्र उत्तम सिंह भदौरिया उर्फ गुल्लन वर्ष 2004 में भारतीय सेना में रेडियो सिग्नल के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह लद्दाख में तैनात थे जहां पर इस समय चल रहे -48 डिग्री सेल्सियस तापमान के दौरान ड्यूटी करते समय वह 30 जनवरी को बीमार होकर अचानक बेहोश हो गये।स्वास्थ्य लाभ न मिल पाने के कारण उन्हें उपचार हेतु 31 जनवरी को चंडीगढ़ शिफ्ट करना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकाॅप्टर ने उड़ान ना भर पाई, जिस कारण उन्हें 01 फरवरी को चंडीगढ़ के आर्मी अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान 05 फरवरी की रात्रि करीब 12 बजे उनका निधन हो गया। सैनिक के बीमार पड़ने की जानकारी भारतीय सेना के कर्नल द्वारा परिजनों को दी गयी जिसके बाद सैनिक के माता, पिता, भाई, एवं सगे सम्बन्धी तत्काल चंडीगढ़ पहुंच गये थे। जिनके द्वारा दूरभाष पर बताया गया कि वह सैनिक का शव लेकर शनिवार देर रात्रि घर पहुंचेगे और रविवार को बिधूना में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।


औरया टाइम्स टीम अपने जनपद के लाल की शहादत पर शत शत नमन करती है एवं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है।आप के बलिदान को प्रत्येक भारतवासी सदैव याद रखेगा…!!!
औरैया टाइम्स अपडेट 📢
औरैया की हर बड़ी खबर सबसे पहले अपने WhatsApp पर पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें।

