Anuj Murder Case: जनपद में दिबियापुर पुलिस (Dibiyapur Police) और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 10 दिन पुराने ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अनुज उर्फ छोटू की हत्या के आरोप में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश में नहीं, बल्कि सड़क पर बाइक निकालने को लेकर हुए मामूली विवाद (Road Rage) में की गई थी।


क्या था पूरा मामला?
बीती 18/19 जनवरी 2026 की रात को थाना दिबियापुर क्षेत्र के ककोर बंबा के पास एक खेत में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक की पहचान अनुज उर्फ छोटू (21 वर्ष) पुत्र उपेन्द्र बाबू, निवासी तुलसीपुर, थाना फफूंद के रूप में हुई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा (बीएनएस धारा 103(1)) दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शराब, सड़क और सनक
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना वाली शाम (18 जनवरी) वे लोग ग्राम भियांपुर में एक बंद भट्ठे के पास शराब पी रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे वे पैदल ग्राम बुढ़ादाना की तरफ जा रहे थे। तभी अनुज अपनी मोटरसाइकिल से वहां से तेजी से गुजरा।
आरोपियों के मुताबिक, अनुज की बाइक उनसे सटकर निकली, जिस पर उनकी अनुज से “बगल से निकालने की बहस” हो गई। शराब के नशे में धुत आरोपियों ने पास पड़े डंडे से अनुज को पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए अनुज अपनी बाइक छोड़कर खेतों की तरफ भागा, लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और लोहे की नुकीली सरिया से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी सरिया झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए थे।


पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में गठित टीमों ने मुखबिर की सूचना पर बुढ़ादाना की पुलिया के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की सरिया और घटना के वक्त इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:


- पवनेश दोहरे (19) पुत्र अशोक दोहरे, निवासी हरी का पूर्वा, दिबियापुर।
- पीयूष उर्फ शिप्पी दोहरे (21) पुत्र अशोक दोहरे, निवासी हरी का पूर्वा, दिबियापुर। (इसके खिलाफ पहले से 4 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं)।
- जीतू दोहरे (19) पुत्र सुखबीर, निवासी हरी का पूर्वा, दिबियापुर।

बरामदगी
- 1 लोहे की नुकीली सरिया (आला कत्ल)
- 2 तमंचे (315 बोर) और 4 जिंदा कारतूस
- 1 टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट)
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक रूद्र नारायण त्रिपाठी (एसएचओ दिबियापुर) और एसओजी प्रभारी समित चौधरी शामिल रहे।




