Bela Murder Case: औरैया जिले के थाना बेला क्षेत्र में हुई अरविंद कुमार की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने जो कहानी बयां की, उसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया। हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि मृतक की अपनी पत्नी और उसका प्रेमी निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


क्या था पूरा मामला? (The Incident)
घटनाक्रम के अनुसार, वादी अशोक कुमार (मृतक के भाई) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 17 जनवरी 2026 को उनका भाई अरविंद कुमार (40 वर्ष) एक अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय वह परसे पुरवा गांव में एक न्यौते में रुक गए। जब वह रात 11 बजे अपने घर पहुंचे, तो उसी रात संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी हत्या कर दी गई।
इस सूचना पर थाना बेला पुलिस ने तत्काल मुकदमा (मु0अ0सं0 09/26 धारा 103(1)/333 बीएनएस) दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी औरैया के निर्देश पर एसओजी और सर्विलांस टीम को भी इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे के लिए लगाया गया था।
बैग की दुकान से शुरू हुई ‘प्रेम कहानी’ का खौफनाक अंत
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी योगेंद्र शाक्य उर्फ पप्पू (48 वर्ष) ने बताया कि उसकी तिर्वा बेला रोड पर बैग बनाने की दुकान है। करीब एक साल पहले मृतक अरविंद की पत्नी प्रिया (36 वर्ष) उसकी दुकान पर बैग बनवाने आई थी। वहीं से दोनों की जान-पहचान हुई और यह जान-पहचान धीरे-धीरे अवैध संबंधों (Love Affair) में बदल गई।


योगेंद्र और प्रिया एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे। जब पति अरविंद को इन दोनों के प्रेम प्रसंग की भनक लगी, तो उसने इसका विरोध किया। बस यही बात दोनों को नागवार गुजरी और उन्होंने अरविंद को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।
साजिश और कत्ल की रात
आरोपियों ने बताया कि योजना के तहत 17 जनवरी 2026 की रात प्रिया ने अपने प्रेमी योगेंद्र को घर बुलाकर कमरे में छिपा दिया था। जब अरविंद अपने घर लौटा, तो वह काफी नशे में था। प्रिया ने उसे सुला दिया। जैसे ही अरविंद गहरी नींद में सोया, मौका पाकर कमरे में छिपे योगेंद्र शाक्य ने अवैध तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 22 जनवरी को तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर के पास से आरोपी प्रेमी योगेंद्र शाक्य को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। वहीं, मृतक की पत्नी और सह-अभियुक्त प्रिया को 23 जनवरी की सुबह मंडी रोड से गिरफ्तार किया गया।



गिरफ्तार अभियुक्त:
- योगेंद्र शाक्य उर्फ पप्पू (प्रेमी) – निवासी बरकुलासर, थाना बेला।
- प्रिया (पत्नी/मृतक) – निवासी मंडी रोड, थाना बेला।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस सफल अनावरण में थाना प्रभारी बेला गंगादास गौतम, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी समित चौधरी, उ0नि0 सुरेंद्र सिंह और म0मु0आ0 पप्पी यादव की अहम भूमिका रही।




